BCCI मीडिया राइट्स की रेस में गूगल-अमेजन:₹15 लाख के टेंडर डॉक्यूमेंट जारी; ₹6 हजार करोड़ में 5 साल की डील संभव
BCCI मीडिया राइट्स की रेस में गूगल-अमेजन:₹15 लाख के टेंडर डॉक्यूमेंट जारी; ₹6 हजार करोड़ में 5 साल की डील संभव
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ब्रॉडकास्ट राइट्स के लिए गूगल और अमेजन को टारगेट कर रहा है। BCCI ने आज राइट्स के लिए टेंडर डॉक्यूमेंट जारी कर दिए हैं। भारत में अगले 5 साल तक होने वाले मैचों के राइट्स करीब 6 हजार करोड़ रुपए में बिक सकते हैं। इनमें भारत में होने वाले तीनों फॉर्मेट के 102 इंटरनेशनल मैच और घरेलू मैच शामिल हैं।
15 लाख में खरीदने होंगे टेंडर डॉक्यूमेंट
BCCI ने मीडिया राइट्स के टेंडर डॉक्यूमेंट की कीमत 15 लाख रुपए रखी है। डॉक्यूमेंट में टेंडर प्रोसेस, एलिजिबिलिटी डिटेल, राइट्स और बाकी डिटेल्स दी गई हैं। भारतीय कंपनियों को डॉक्यूमेंट खरीदने के लिए टैक्स मिलाकर करीब 17.70 लाख रुपए देने होंगे। वहीं विदेशी कंपनियों को टैक्स के बाद भी करीब 15.16 लाख रुपए ही देने होंगे। ये कीमत नॉन-रिफंडेबल होगी, यानी डॉक्यूमेंट्स खरीदने के बाद अगर कंपनियों ने बोली नहीं लगाई, तब भी उनके पैसे रिफंड नहीं होंगे।
डॉक्यूमेंट्स 25 अगस्त तक खरीदे जा सकेंगे। BCCI ने बताया, 'टेंडर डॉक्यूमेंट खरीदने वाली कंपनियां ही बोली लगाने की हकदार होंगी। इनमें भी कंपनियां अगर BCCI की एलिजिबिलिटी पॉलिसी को पार नहीं कर सकीं तो भी वे बोली नहीं लगा सकेंगी।'
टेंडर डॉक्यूमेंट रिलीज करने से पहले BCCI ने इंटरनेट सर्च इंजन गूगल की मालिक अल्फाबेट इंक और अमेजन डॉट कॉम इंक से ब्रॉडकास्ट राइट्स को लेकर संपर्क किया। उनसे संपर्क करने के बाद BCCI ने टेंडर रिलीज कर दिया।
6 हजार करोड़ रुपए की हो सकती है डील
BCCI के ब्रॉडकास्ट राइट्स एडवर्टाइजर अर्न्स्ट एंड यंग (E&Y) कंपनी के अधिकारियों ने बताया, 'भारत में 2023 से 2027 तक 102 इंटरनेशनल मैचों के राइट्स 750 मिलियन डॉलर (करीब 6,200 करोड़) में बिक सकते हैं। 5 साल पहले भी राइट्स लगभग इतनी ही कीमत में बिके थे। IPL मैचों के राइट्स खरीदने के लिए कंपनियों ने बहुत ज्यादा इंटरेस्ट दिखाया था, E&Y को उम्मीद है कि इंटरनेशनल राइट्स के लिए भी बहुत सी कंपनियां बोली लगाएंगी।'
इस बार भी ई-नीलामी होने की संभावना है। BCCI ने पिछले साल IPL मीडिया राइट्स के लिए भी ई-नीलामी ही कराई थी। 2018 में BCCI राइट्स के लिए ऑफलाइन ऑक्शन हुए थे। इसमें स्टार इंडिया ने बाजी मारी थी।
IPL के लिए भी बोली लगा चुके अमेजन-गूगल
गूगल और अमेजन ने पिछले साल IPL के ब्रॉडकास्ट राइट्स के लिए भी बोली लगाई थी। इनके साथ पिछले साल वॉल्ट डिज्नी कंपनी, रिलांयस इंडस्ट्रीज, सोनी ग्रुप कॉर्प, जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज और फैंटेसी-स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म ड्रीम-11 ने भी बोली लगाई थी।
आखिर में वायकॉम-18 ने IPL के डिजिटल राइट्स 23,575 करोड़ और स्टार इंडिया ने टीवी राइट्स 23,758 करोड़ रुपए में खरीदे थे। विदेशों में प्रसारण मिलाकर 2023 से 2027 तक के IPL राइट्स 48,390 करोड़ रुपए में बिके थे। इसमें एक मैच के लिए BCCI को करीब 118 करोड़ रुपए मिलते हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें